Wednesday, July 5, 2017

कब्ज़ से निर्वाण तक



पता है क्या हुआ?
क्या?
मैं वैष्णो देवी के दर्शन को गयी थी...
अच्छा.
आगे सुन तो कितनी खतरनाक बात हो गई...मैं मरते मरते बची.
क्या हुआ?
हमलोग न दर्शन से लौट रहे थे कि अचानक से मौसम ख़राब हो गया... सब आगे बढ़ गए थे, एक मैं ही पीछे रह गई थी. मैं पैदल आगे बढ़ रही थी. मेरे बगल में एक औरत पालकी से जा रही थी... मौसम तो ख़राब हो गया था. पहाड़ से बड़े-बड़े पत्थर गिरने लगे. पालकी वाले पालकी नीचे रखने लगे. पता नहीं कैसे पालकी का डंडा मेरी नाक से टकराया और मैं सीधा चित्त ज़मीन पर गिर गई और गिरते ही बेहोश हो गई. मेरे गिरते ही ज़ोरदार धमाके की आवाज़ हुई, बाद में मुझे लोगों ने बताया. नहीं नहीं... मेरे गिरने की आवाज़ नहीं थी... एक बड़ा सा पत्थर ठीक मेरे बगल में गिरा था. मैं तो बाल-बाल बची हूँ.
ओह! चलिए सारे ग्रह कट गए. अब सब अच्छा रहेगा!
मुझे तो बहुत डर लग रहा है... क्या पता ये शुरुआत हो और आगे इससे भी बुरा हो!
आपको कब्ज़ हुआ है कभी?
हाँ... क्यों?
कब्ज़ के कितने प्रकार हैं? आप शायद न जानती हों, मैं बताती हूँ...
एक प्रकार होता है जिसमें आप अन्दर घुसते हैं पेट में ज्वालामुखी उमड़ता रहता है, आप घंटों बैठे रहते हैं पर ज्वालामुखी फूट नहीं पाता.
एक में पेट के अन्दर धमाका ख़ूब होता रहता है पर निकलता है बकरी का 3-4 भेनाड़ी
और एक प्रकार है जिसमें डंक चुभने सा दर्द शुरू होता है. ज्वालामुखी भी उफान पर होता है. दर्द धीरे-धीरे इतना बढ़ता है कि लगता है जैसे आप अब मरे कि तब... पसीने में तर-बतर, दर्द से जूझते हुए आप मौत का इंतज़ार कर रहे होते हैं कि अचानक आपकी शंका के विपरीत मौत नहीं कुछ ‘और’ आ जाती है... प्रचंड घड़ घड़ाहट के साथ कड़ी चट्टानें सभी किनारों को चीरती-फाड़ती निकलती हैं. आप दर्द से कराहती हुई इस आशंका से मरी जा रही होती हैं कि आनेवाला समय भी इतना ही कष्टकर होगा. पर होता क्या है? चट्टानों के दरकने के फ़ौरन बाद ही लावा का उदगार शुरू होता है... और तबतक नहीं रुकता जबतक आपका चित्त निर्मल न हो जाए. और थोड़ी ही देर में सब शीतल, सब शांत हो जाता है.
आप भी अपनी घटना को ऐसे ही देखें, कब्ज़ नंबर तीन के माफ़िक. शुरु में घोर कष्ट पर आगे सब कुछ शीतल और शांत! 
निर्वाण, महानिर्वाण, परिनिर्वाण, सबकी अनुभूति सब एक साथ हो जाती है. फिर ऐसे अध्यात्मिक अनुभव के बाद तीर्थ करने की क्या आवश्यकता?

Thursday, June 8, 2017

कहानी घर घर की... ?


शर्मा आंटी ज़ोर ज़ोर से अपनी बहिन पर चीख़ रही थीं. चीख़ें इतनी तेज़ थीं कि बातें समझ नहीं आ रही थीं. बीच-बीच में कोई-कोई शब्द ज़रूर पकड़ में आता– मजाल, घर, अपवित्र, माँस, मुसलमान, आदि-आदि. पहले चीख एकतरफ़ा थी जो बाद में दो-तरफ़ा हो गयी. अब कुछ नए शब्द जुड़ गए – ढोंगी, ब्रेड, चीनी, हड्डी का चूरा वगैरा. फिर चीखें इस स्तर तक पहुँचीं कि जो इक्के- दुक्के शब्द सुनने में आ रहे थे वे भी ध्वनि में तब्दील हो गए. फिर धड़ाके से दरवाज़ा खुला और मानो चीखों के फ़ोर्स से छोटी बहिन बाहर फेंका गईं. उनके पीछे असंख्य ध्वनियाँ निकलीं जो दरवाज़े के बंद होने के साथ थम गयीं. छोटी बहिन के मुंह से फुंफकार निकली – ‘ढोंगी बाबा... हर रोज़ पता नहीं कितने जीवों को साँस के साथ निगल जाती है और पचा भी जाती है और दंभ करती है वैष्णव शाकाहारी होने का.’
वाह-वाह, मुझे यह सुनकर मज़ा आ गया – मैंने उन्हें खोदना शुरू किया. ‘दरअसल हुआ क्या था? आपकी दीदी इतना भड़क क्यों रही थीं?
“एक नंबर की ढोंगी है, जिसके मन में इन्सान के लिए इतनी घृणा और नफ़रत है, जीव-प्रेम क्या ख़ाक करेंगी.”
“पर हुआ क्या है” मेरा दुष्ट मन तो पूरी बात जानना चाहता था और यहाँ हो रही थी छिटपुट बरसात. “चलिए, पटना मार्किट चला जाए. आपका मन शांत हो जाएगा.”
पटना मार्किट की रौनक ही कुछ और होती है. घुसते ही चाट की दुकान और ज़रा सा अन्दर घुसते ही रौशनी में जगमगाती चूड़ियों की दुकानें और चारों तरफ़ औरतों, दुकानदारों, बच्चों का शोर... 'ये वाला नहीं भईया... वो वाला दिखाइए ना...' 'सवा दो नहीं दो छह न कहे...' 'आइए मैडम इधर आ जाइए...' 'ले लीजिए न, पचासे में दे देंगे 10 मीटर फीता...' ये चमक-दमक और शोर पहले तो मन को सुन्न कर देता है और बाद में शांत. इस बाज़ार का नशा किसी शराब से कम थोड़े ही न है!
हमने पहले चाट खाई और फिर बाज़ार में चकल्लसबाज़ी की. इतने में ही हम थक गए और लस्सी पी कर चित्त को और शांत किया. वहां से हम काली मंदिर गए. मंदिर की सीढ़ियों पर बैठ गंगा नदी को निहारते रहे. मन स्थिर हो गया था!
अब मैंने फिर से उन्हें खोदा. आख़िर इतनी मेहनत मैंने यूँ ही तो नहीं की थी! उनके मन का फोड़ा फूट गया और मवाद धीरे-धीरे बहने लगा.
“अरे कुछ नहीं. केतकी बहुत दिनों से बुला रही थी सो आज मिलने चली गयी थी. लौटते वक़्त उसके पति ने जैविक सत्तू का एक पैकेट पकड़ा दिया. घर आई तो थैले से सारा सामान निकाला. सत्तू का पैकेट भी निकाल कर टेबल पर रख दिया. दीदी ने हाथ में लेकर देखा और बोलीं कि वाह! जैविक सत्तू कहाँ से मिल गया? यहाँ तो सब मिलावटी सत्तू रखता है.”
मैंने कहा, ‘केतकी के यहाँ से. उसके पति ने आजकल जैविक सत्तू बनाने का काम शुरू किया है. उसी ने दिया है.’
ये सुनते ही दीदी के हाथ से सत्तू का पैकेट ऐसे उछला मानो उनके हाथ में किसी ने विषधर थमा दिया हो. मुँह से संस्कार की अर्थी निकलने लगी...
‘छिः छिः राम राम! मुझे अपवित्र कर दिया. अभी-अभी नहा कर निकली थी. फिर से नहाना पड़ेगा. तेरी हिम्मत कैसे हुई उस अधमी के घर का सामान यहाँ लाने की?’
‘मतलब? कोई उसके घर की कढ़ाही में पका हुआ सत्तू तो है नहीं. गाँव से बनकर आया है. इसमें क्या हुआ?’
‘पर तुम तो उसके घर से ही लेकर आयी हो.’
‘तो? तो क्या हुआ?’
‘क्या हुआ? कैसी मूर्खों वाली बात कर रही है. केतकी मुसलमान से शादी करके अशुद्ध हो चुकी है... और तुम कह रही हो क्या हुआ? मेरा पूरा घर अशुद्ध हो गया. राम! राम! अब पूरे घर को पवित्र करना पड़ेगा.
‘क्या बोल रही हो दीदी? केतकी को तुमने गोद में खिलाया है.’
‘हाँ! खिलाया है. लेकिन क्या उसने इस बात का मान रखा? जिस लड़की का यही ठिकाना नहीं कि मरेगी तो जलाएंगे कि दफनाएंगें वो मेरी रिश्तेदार कैसे हो सकती है? मेरे लिए तो वो घोर अशुद्ध और अधर्मी है. उसके घर से आया हर सामान अशुद्ध है. हटाओ सत्तू यहाँ से.’
‘दीदी मूर्ख न बनो. बाज़ार से जो कुछ ख़रीद कर लाती हो तुम्हें पता है उसे किसने बनाया, किस-किस ने छुआ?’
‘सही कह रही हो. नहीं पता होता पर अभी तो पता है न! आँखों-देखी मक्खी नहीं निगली जाती.’
‘ऐसी अनजान न बनो. क्या तुम्हें नहीं पता कि खेतों में काम करने वाले ज़्यादातर लोग दलित होते हैं. उन्हें तो तुम मलेच्छ मानती हो, फिर उनके हाथ से उगा अन्न -सब्ज़ी कैसे खाती हो?’
‘फ़ालतू की बकवास न कर. मैंने कह दिया उस अधम के घर से आया कुछ भी मेरे घर में नहीं रह सकता.’
‘उसके घर से तो मैं भी आई हूँ तो क्या मैं भी घर से चली जाऊं? अच्छा! एक बात बताओ, चीनी तो तुम रोज़ खाती हो, यह जानते हुए कि उसकी सफ़ाई में जानवर की हड्डी का इस्तेमाल होता है. खाती हो ना?’
‘मेरे घर को अपवित्र करके तेरा मन नहीं भरा कि मेरे सामने अब जानवर की हड्डी और मांस की बात कर रही है? इतना तो लिहाज़ कर कि इसी कमरे में भगवान् विराजे हैं.’
‘भगवान् केवल तुम्हारी मूर्ति में नहीं, कण-कण में बसे हैं दीदी. इसका मतलब ये हुआ कि वो जितना अधर्मी के अन्दर हैं उतना ही धर्मी के अन्दरी. उस भोजन अन्दर भी हैं जो धर्मी खाते है और उस के अन्दर भी हैं जो अधर्मी खाते हैं. भगवान् से लिहाज़ कैसा?’
‘बकवास बंद. अभी मैं पूरे समाज को तुम्हारी धृष्टता बताउंगी. तुम मेरे भगवान् को अधर्मी से जोड़ रही हो? मेरे भगवान् पर सवाल उठा रही हो?’
‘मेरा सवाल तो ये है कि तुम्हारा नेटू-बेटू जो सुबह सवेरे 15 ब्रेड का भोग लगाता है उसे कौन बनाता है?’
‘कौन?... अनजाने में हुए गुनाह को भगवान् भी माफ़ करते हैं.’
‘दीदी क्या हो गया है तुम्हें? दर्ज़ी से उसकी जात पूछकर कपड़ा सिलने तो नहीं देती हो न?’
‘मेरा कपड़ा दीदी सिलवा देती हैं. अब वो किस दर्ज़ी को कपड़ा देती हैं मुझे नहीं पता.’
‘वाह! और तुम्हारी चमड़े की चप्पल कैसे बनती है? जानती ही होगी पर मानती नहीं हो. बीमार पड़ती हो तो कैप्सूल खाती ही होगी. ज़रा ये भी पता कर लो कि कैप्सूल का खोल किस चीज़ से बनता है? उसमें किस जानवर की चर्बी का इस्तेमाल होता है?’
‘तुम बात घुमा रही हो. कहाँ मुसलमान के घर से आया यह अपवित्र पैकेट और कहाँ जीवन रक्षा करने वाला कैप्सूल!’
‘मैं बात घुमा नहीं रही तुम फालतू बातों में उलझ कर घूम रही हो. जिस डॉक्टर के पास तुम जाती हो वहाँ हिन्दू- मुसलमान सभी तरह के मरीज़ आते हैं. तो क्या तुम वहाँ जाना छोड़ दोगी?’
‘ये तुम ठीक नहीं कर रही. तुम एक ब्राह्मण की शुद्धता का, उसकी आस्था का मज़ाक उड़ा रही हो.’
‘इस हवा में हर कोई साँस लेता और छोड़ता है... पादता भी है. अगर तुम पादों से भरी हवा को अपने घर में आने से रोक दो तो मैं ये सत्तू का पैकेट यहाँ से उठा लूँगी.’
इसके बाद दीदी ने अपना ब्रह्मास्त्र छोड़ा. चीख़ कर बोलीं, ‘ मेरे भगवान् के सामने तुम छींकने-पादने की बात करती हो! अब तो तुम्हें भगवान् ही देखेगा.’
जिसकी अक़ल पर परदा पड़ा हो अब उसके सामने मैं और क्या तर्क देतीं. हँसकर इतना ही कहा,’ भगवान् तो मुझे हमेशा से देखता रहा है. आगे भी ज़रूर देखेगा.’
मेरी हँसी से दीदी हत्थे से उखड़ गईं. मामला झोंटा-झोंटव्वल तक न पहुँच जाए इसलिए मैं घर से बाहर निकल गई थी.'
तीन चार घंटे बाहर बाज़ार में बिताने के बाद हम शर्मा आंटी के घर के सामने की सड़क पर थे. तब सब सोने की तैयारी में लगे थे.
बाज़ार की भागम-भाग के बाद घर के बरामदे की शांत छत को वे कुछ पलों के लिए एकटक देखती रहीं. कहा, 'जिन हाथों ने मिलकर इस घर को बनाया वे न हिन्दू थे न मुसलमान. वे इंसान के हाथ थे!'

Wednesday, January 11, 2017

मज़हब-ए-गोश्त

आप क्या लेंगी? मटन बिरयानी या चिकन बिरयानी?
आज सोमवार है. तुम मुझे प्लेन बिरयानी दे दो. अलग से मंगवाने की ज़रुरत नहीं... उसी में से निकाल कर दे दो.


आप क्या लेंगे?
मैंने लिया. मटन बहुत टेंडर था. मज़ा आ गया.
मैंने आपके घर के लिए दो पैकेट निकाल दिया है. ज़रूर ले जाइएगा..
अरे नहीं, कल मंगलवार है. कल मैं नहीं खाता.
ओह! फिर आप कैसे निकालेंगे?
क्या...किसे?
मटन वाले खून को? कल इसे अपने शरीर से कैसे निकालेंगे?
आप भी भाभी...

आपको क्या दूँ?
ठंड बढ़ गयी है. अब घर जाऊंगा...मैंने चिकेन बिरयानी का पैकेट ले लिया है. घर पर खा लूंगा..

और आप?

जानती हैं मेरे मायके में कभी भी मुर्गी-अंडा घर के अन्दर नहीं आया. वही देखिए मटन ख़ूब बनता है... लेकिन आज मन नहीं हो रहा. आप बुरा तो नहीं मानेंगी?

नहीं! पर मटन खाते हैं और चिकन-अंडा नहीं... समझ नहीं आया.

(फुसफुसाकर) माँ लोग का तो जानती ही हैं. कभी कोई बोल दिया कि चिकन और अंडा शुद्ध रूप से मुसलमान सब  का है... बस फिर कभी घर में आया ही नहीं.

शुद्ध रूप से?

मतलब और कोई खाए न खाए उ सब तो खाएबे करता है...मटन हिन्दू-मुसलमान दोनों खाता है..इ दोनों का हुआ...

अच्छा! फिर गाय किसकी हुई? हिन्दू की कि मुसलमान की? मुसलमान की...? फिर इतना झगड़ा क्यों?

अरेsss भाभी क्या बोल रही हैं? आप तो दंगा करा देंगी...

अगले दिन मैंने बिरयानी घर ले जाने वाले व्यक्ति को फ़ोन किया. कर्टसी कॉल. खाया कि नहीं, बिरयानी कैसी लगी...ये पूछने के लिए. फ़ोन उठाते ही उन्होंने बताया कि उनकी तबीयत ठीक नहीं. मेरा दिल धड़कने लगा...कहीं ऐसा तो नहीं कि बिरयानी ख़राब थी!

क्या हुआ? बिरयानी खाकर ये हाल हो गया?
हाँ. सब उसी के बाद हुआ?
पेट ख़राब हो गया?
नहीं, ख़ूब जाड़ा देकर बुख़ार आया...
अरे... अचानक?
भोर में चढ़ा बुख़ार... उसको तो आना ही था. रात में नहाना जो पड़ा.
इतनी ठंड में? क्यों?
घर के अन्दर नॉन-वेज नहीं बनता है... 9 बजे रात में घर के बाहर बैठ कर बिरयानी खाए. सोचे कि कोई देखेगा नहीं. पर घरवाला सब देख लिया...इसलिए फिर शुद्धिकरण मतलब नहाना पड़ा.. तभी घर के अंदर जा पाए...माथा से नहाना पड़ा...इसी से बुख़ार हो गया...


हे भगवान्! 

Wednesday, December 14, 2016

सवाल डर सवाल


तुममें एक ही चीज़ की कमी है और वह है ‘धीरज’.  तुम सीता को क्यों नहीं देखती?  अहिल्या को क्यों नहीं देखती? इनमें धीरज था, सब्र था. आज देखो, दुनिया इन्हें कितना मान देती है!’

‘कितनी बार बताऊँ सीता और अहिल्या ने जो किया ग़लत किया. ऐसी परंपरा चला दी जिसका हर्जाना हम औरतें आज तक भर रही हैं. इन्हें तो dialogue करना था, संवाद करना था. ये बस गर्दन हिलाने के लिए पैदा नहीं हुई थीं. सीता को राम से कहना ही नहीं था, ‘जी स्वामी! वन चलिए’. कहना था, इस परिस्थिति में बात करने की ज़रुरत है. आप माते कैकेयी से कहें कि हम बीच का रास्ता निकालना चाहते हैं. वे भरत को राजा बनाना चाहती हैं, बना दें. उसके लिए हमें जंगल जाने की ज़रुरत नहीं. हम कहीं और भी जा सकते हैं. ऐसे में ज़रुरत पड़ने पर आप भरत की मदद भी कर पाएंगे और लक्ष्मण को भी इतने साल उर्मिला से अलग नहीं रहना पड़ेगा. कहने को वनवास हमें मिला है पर दरअसल ये लक्ष्मण और उर्मिला का वनवास है. ज़रा उनकी पीड़ा के बारे में सोचिए!’

अब ये तुम बताओगी कि सीता को क्या बोलना चाहिए था? फिर दशरथ के वचन का क्या होता? उनकी मान-मर्यादा कहाँ रह जाती?

‘काश कि ऐन वक़्त पर दिमाग़ ने काम नहीं किया होता! आख़िर ब्राह्मण किस दिन के लिए पैदा हुए हैं? उन्हें ‘ब्राह्मण राज’ को बुलाना चाहिए था. वो उन्हें इसका ‘काट’ बता सकता था. बता सकता था कि कितने सौ मुर्गे-मुर्गियां, गाय- बैल वगैरह लेकर और कितने हज़ार एकड़ ज़मीन लेकर कौन सा यज्ञ कराया जा सकता है जिससे वचन का मान भी रह जाए और वनवास को भी न जाना पड़े. बता सकता था कि कैसे चौदह दिन सांकेतिक चौदह साल का हो सकता है.’

तुम ये तो सोचो कि अगर राम जंगल नहीं जाते तो रावण का वध कैसे होता?’

‘रावण की हत्या ज़रूरी ही क्यों थी? केवल इसलिए कि वह शुद्ध आर्य नहीं था? वैसे वह भी शिव का भक्त था, था न? और शिव ने तो उसे वरदान भी दिया था. क्या शिव को पता ही नहीं चल पाया कि उनका भक्त कितना धूर्त और अमर्यादित है? क्या भक्त ने भगवान् ने ठग लिया था? या शिव ने जानते बूझते ऐसे भक्त को वरदान दे दिया? क्या भगवान् ऐसा करते हैं?

और फिर रावण सच में मर गया क्या? नहीं न! मालूम है क्यों? क्योंकि यहाँ भी वध की नहीं ‘डायलॉग’ की ज़रुरत थी. कहते हैं रावण के मन में अहंकार था. महाभारत पढ़िए तो पता चलेगा दुर्योधन के मन में भी अहंकार था. अहंकार के नाम पर रावण मार दिया गया. दुर्योधन मार दिया गया. मगर अब भी कितने अहंकारी और कुंठित मन के लोग हमारे आस पास हैं. ज़रा सोच कर देखिएगा ये इंसानों के साथ कैसा सलूक करते हैं? बीमारी जड़ में हो तो टहनी काट-काट कर कोई फ़ायदा नहीं.

अरे, अंगुलीमाल  का ह्रदय परिवर्तन हो गया और वह डाकू से ऋषि बन गया. फिर रावण और दुर्योधन का ह्रदय परिवर्तन कराने में ये भगवान् लोग फ़ेल कैसे हो गए? हजारों साल बाद एक इंसान पैदा होता है जो ‘अहिंसा’ के दम पर देश मुक्त करा देता है. हजारों आहत मन में से घृणा और बदले जैसे विकारों को TRC के ज़रिये मुक्त कर देता है. और भगवान् लोग चूक गए. ऐसे में इनके भगवान् होने पर संदेह नहीं होता है?

राजा अशोक का ह्रदय युद्ध का वीभत्स रूप देख रो उठता है, वो हिंसा त्याग देते हैं. पर अपने ये भगवान् लोगों का युद्ध के बाद क्या संदेस था? राम के ऊपर तो ऐसा दुष्प्रभाव पड़ा कि जो तकलीफ़ रावण ने सीता को नहीं दी सो उन्होंने दे डाली. महाभारत में सबके मारे जाने के बाद, युद्ध की समाप्ति के बाद कितनी सुख-शांति थी मुझे नहीं मालूम. अगर आपको मालूम है तो मुझे बताएं.’

 ‘तुम भगवान् के अस्तित्व को चुनौती दे रही हो.’

‘आपका भगवान् इतना डरपोक क्यों है जो सवाल पूछते ही डर जाता है? आजकल के राजे-मंत्री भी सवाल की संस्कृति से ख़फ़ा हैं.

देखिए, हम आदि मानव से अभी के इंसान तक पहुंचे हैं. हमारे सोचने समझने की शक्ति, इच्छाएं, माहौल सब कुछ बदल गया है. ऐसे में भगवान् की पुरातन व्याख्या और महात्मय से काम नहीं चलेगा. नए के लिए जगह बनानी होगी. अगर पुराने से लगाव बहुत ज़्यादा है तो कोई बात नहीं उसी में Modification कीजिए. मगर कीजिए.’

तुम अजीब भाषा में बात कर रही हो. ऐसा करके तुम सारे समाज को अपने खिलाफ़ खड़ा कर लोगी.’

‘सवाल समाज को आगे बढ़ाते हैं. मेरे सवाल करने से आप इतना परेशान हो रही हैं क्योंकि शायद आपने भी यही सीखा है कि औरत को, ‘अच्छी औरत’ को सवाल नहीं करना चाहिए. ज़रा सोचिए अगर द्रौपदी ने सही समय पर सवाल किया होता तो उसे पांच भाइयों में बंटना नहीं पड़ता!

एक मिनट ठहर कर सोचिए कि हमारे पूछने से समाज डरता क्यों है? सोचनेवाले के मन में सवाल तो आते ही हैं. समाज हमारे सोचने से इतना क्यों डरता है? हमारे पूछने को, हमारे सोचने को अपने खिलाफ़ होना क्यों समझता है? उसे तो क़ायदे से इन सवालों के जवाब देने चाहियें, संवाद करना चाहिए... 

और  मैं यही चाहती हूँ कि संवाद हो. 

और इससे अगर कोई जड़ मान्यताएँ टूट जाती हैं, असंवेदनशील भावनाएँ आहत होती हैं तो इसकी मुझे बिलकुल भी परवाह नहीं’